IMD Rain Alert 2026: मौसम के करवट बदलने का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी दिल्ली और राजस्थान में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के कारण ठंड का असर फिर तेज हो गया है और शनिवार को कोहरा बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 3 फरवरी के बीच कई राज्यों में बारिश देखने को मिल सकती है।
कश्मीर में खत्म हुआ चिल्ला-ए-कलां
भीषण सर्दी के दौर ‘चिल्ला-ए-कलां’ की समाप्ति के साथ कश्मीर घाटी के अधिकतर इलाकों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकारियों के अनुसार श्रीनगर समेत कई जगहों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से ऊपर पहुंच गया, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 1.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। कोनिबल में 1.0°C, पुलवामा में 0.1°C और कुलगाम में 1.1°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। अधिकतर मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
पंजाब और हरियाणा का हाल
पंजाब के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा में यह औसत के करीब रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 फरवरी से मौसम फिर बदल सकता है और कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
IMD Rain Alert 2026 राजस्थान में बारिश का अनुमान
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 जनवरी को अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
1 और 2 फरवरी को भी उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। हालांकि यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान राजधानी में बारिश और आंधी की संभावना जताई है, जिससे ठंड फिर बढ़ सकती है।
